सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद बिंद
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था होगी चाक-चौबंद
सोनभद्र। श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सोनभद्र जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने ऐतिहासिक विजयगढ़ दुर्ग स्थित रामसरोवर का स्थलीय निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं के आवागमन मार्ग, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग, बैरिकेडिंग तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रावण मास प्रारंभ होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए व्यवस्थाओं को समय से पूरा करें। मार्गों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और यातायात प्रबंधन को लेकर विशेष ध्यान दिया जाए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि विजयगढ़ दुर्ग, रामसरोवर एवं कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, नियमित पैदल गश्त तथा प्रभावी यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं की सहायता एवं सुरक्षा के लिए पूरी तरह तत्पर रहें। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था, अराजकता अथवा असामाजिक गतिविधि को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे तत्वों के विरुद्ध तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप कांवड़ यात्रा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं। प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और सुगम आवागमन उपलब्ध कराया जा सके।



إرسال تعليق