सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद
हादसे में युवक की मौके पर मौत, दूसरा गंभीर हालत में बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर
रामगढ़/चोपन (सोनभद्र)। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी दो युवकों की बाइक सोमवार देर शाम चोपन मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क हादसे का शिकार हो गई। तेज रफ्तार बाइक ब्रेकर पर अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 जुलाई 2027 को शाम करीब 9:00 बजे मोहम्मद शाहबाज (18 वर्ष), पुत्र मोहम्मद निसार तथा अंकित गुप्ता, पुत्र स्वर्गीय सोनू गुप्ता, दोनों निवासी रामगढ़, पन्नूगंज, सोनभद्र, बाइक से रामगढ़ से चोपन की ओर जा रहे थे। रास्ते में अचानक ब्रेकर आने से चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक सीधे सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में मोहम्मद शाहबाज को गंभीर चोटें आईं और उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं अंकित गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही चोपन पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा।
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने करीब एक घंटे तक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण अंकित गुप्ता को बेहतर इलाज के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे की खबर फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


Post a Comment