Top News

*केशरवानी धर्मशाला पर दबंगई के बल पर कब्जे का प्रयास, पुलिस अधीक्षक से शिकायत*

सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद 


मीरजापुर।
विंध्याचल के बरतर तिराहा स्थित 'श्रीमती किशोरा देवी ट्रस्ट केशरवानी धर्मशाला' पर जबरन कब्जे के प्रयास को लेकर विवाद गरमा गया है। ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक (SP) मीरजापुर को पत्र देकर सुरक्षा की गुहार लगाई है और सरकारी ताला तोड़ने का प्रयास करने वाले तत्वों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

*​3 वर्ष पहले हटाया गया था व्यवस्थापक*

ट्रस्टियों के मुताबिक, धर्मशाला की देखरेख के लिए दिवाकर भट्ट को रखा गया था, लेकिन अनैतिक कार्यों में लिप्त होने के कारण उसे 3 वर्ष पूर्व ही हटा दिया गया था। इसके बावजूद उसने धर्मशाला खाली नहीं की। मामले में नगर मजिस्ट्रेट मीरजापुर ने कार्रवाई करते हुए बीते 24 अप्रैल 2026 को कुर्की का आदेश दिया, जिसके तहत 6 मई 2026 को प्रशासन ने धर्मशाला को कुर्क कर सरकारी ताला लगा दिया और रिसीवर नियुक्त कर दिया।

*​हाईकोर्ट के आदेश की आड़ में खेल का आरोप*

शिकायती पत्र के अनुसार, विपक्षी दिवाकर भट्ट ने इस कार्रवाई के खिलाफ हाईकोर्ट में याचिका दायर की। हाईकोर्ट ने मामले को जिला जज के यहाँ दो महीने में निस्तारित करने का निर्देश देते हुए मजिस्ट्रेट के आदेश पर स्थगन (Stay) दे दिया।

​ट्रस्टियों का आरोप है कि विपक्षी ने हाईकोर्ट से यह बात जानबूझकर छिपाई कि धर्मशाला पहले ही कुर्क हो चुकी है और वहाँ सरकारी ताला लगा है। हाईकोर्ट ने ताला तोड़कर कब्जा सौंपने का कोई आदेश नहीं दिया है।

*​दबंगों के साथ धावे की कोशिश*

आरोप है कि इसी स्टे आर्डर की आड़ लेकर 5 जून 2026 को दिवाकर भट्ट कुछ दबंग किस्म के लोगों को साथ लेकर कुर्कशुदा धर्मशाला का सरकारी ताला तोड़ने और जबरन कब्जा करने पहुंच गया। कोमल चन्द, संजय, राजकुमार केशरवानी समेत तमाम ट्रस्टियों ने एसपी से मांग की है कि जिला जज के यहाँ मामला तय होने तक धर्मशाला पर अवैध कब्जे की कोशिश रोकी जाए और कानून हाथ में लेने वालों पर मुकदमा दर्ज हो।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume