Top News

जीएसटी विभाग के व्यापारी संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों की समस्याओं पर हुई सार्थक चर्चा

 सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद 



राबर्ट्सगंज, सोनभद्र, 08 जून 2026। होटल वैभव, उरमौरा, राबर्ट्सगंज में जीएसटी विभाग द्वारा आयोजित व्यापारी संवाद कार्यक्रम में व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं एवं सुझावों पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम में व्यापारियों ने जीएसटी से संबंधित व्यावहारिक कठिनाइयों को अधिकारियों के समक्ष रखते हुए उनके समाधान की मांग की।

बैठक के दौरान व्यापारियों ने जीएसटी के सचल दल द्वारा की जाने वाली कार्यवाहियों, छोटे व्यापारियों के माल परिवहन के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं, ई-वे बिल नोटिसों एवं अन्य विभागीय कार्यवाहियों के संबंध में अपनी चिंताएं व्यक्त कीं। व्यापारियों ने मांग की कि विभाग द्वारा सहायता एवं मार्गदर्शन हेतु हेल्प डेस्क की स्थापना की जाए, जिससे छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।

इस अवसर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रभारी मुख्य संरक्षक हाजी सलीम हुसैन ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान सरकार और विभाग की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए उनके हितों की रक्षा करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने जीएसटी विभाग से व्यापारियों के साथ समन्वय और संवाद को और अधिक प्रभावी बनाने की मांग की।

वहीं अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष धीरेंद्र जायसवाल ने कहा कि छोटे और मध्यम व्यापारियों को नियमों की जानकारी उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विभाग को सकारात्मक कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल सदैव व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्षरत रहेगा तथा उनकी आवाज को शासन और प्रशासन तक पहुंचाता रहेगा।

कार्यक्रम में उपस्थित जीएसटी विभाग के मंडलीय अधिकारी सहित जनपद के सभी संबंधित अधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान हेतु आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

बैठक में व्यापारियों एवं विभागीय अधिकारियों के मध्य विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा हुई, जिससे विभाग और व्यापारियों के बीच आपसी विश्वास एवं समन्वय को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume