विश्व रक्तदाता दिवस पर सीआईएसएफ OTHPP ओबरा की अनूठी पहल
सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद
ओबरा/सोनभद्र। विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) इकाई OTHPP ओबरा द्वारा सामाजिक उत्तरदायित्व एवं मानव सेवा की भावना को साकार करते हुए शनिवार को ओबरा स्थित सीआईएसएफ कैंप में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य रक्त की कमी से जूझ रहे मरीजों एवं जरूरतमंदों की सहायता करना तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सीआईएसएफ कमांडेंट सतीश कुमार सिंह ने स्वयं रक्तदान कर किया। उनके इस प्रेरणादायी कदम ने उपस्थित अधिकारियों एवं जवानों में उत्साह का संचार किया। इसके बाद बड़ी संख्या में सीआईएसएफ कर्मियों ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
यह रक्तदान शिविर जिला संयुक्त चिकित्सालय सोनभद्र के सहयोग से आयोजित किया गया, जिसमें डॉ. प्रखर केसरी एवं डॉ. रविंद्र प्रसाद के नेतृत्व में चिकित्सा टीम ने रक्त संग्रहण का कार्य संपन्न कराया। शिविर के दौरान रक्तदाताओं को रक्तदान के महत्व, उसके स्वास्थ्य लाभ तथा नियमित रक्तदान से होने वाले सामाजिक लाभों के बारे में विस्तृत जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर आरक्षित निरीक्षक राकेश कुमार, उप निरीक्षक जितेंद्र सिंह यादव सहित इकाई के अन्य अधिकारियों एवं जवानों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
कमांडेंट ने अपने संबोधन में कहा कि “रक्तदान महादान है। एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद को नया जीवन दे सकता है। प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान अवश्य करना चाहिए।”
शिविर के सफल आयोजन में उप कमांडेंट सदा राम यादव, सहायक कमांडेंट जे. टोप्पो, निरीक्षक महेश सिंह यादव, चिकित्सा दल एवं सहयोगी संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सीआईएसएफ इकाई OTHPP ओबरा की यह सराहनीय पहल न केवल सामाजिक सरोकारों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है, बल्कि जनसेवा और मानव कल्याण के प्रति उसके समर्पण को भी मजबूती से रेखांकित करती है। राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ सीआईएसएफ की विभिन्न इकाइयाँ जनहित एवं मानवीय कार्यों में भी निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।





Post a Comment