सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद
घटिया सामग्री के आरोप से ग्राम पंचायत घिरी, ग्रामीणों में आक्रोश
रामगढ़/सोनभद्र। ग्राम पंचायत के फंड से लगभग तीन महीने पहले बनाई गई सीसी रोड अब जगह-जगह से क्षतिग्रस्त होने लगी है, जिससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। मामला विजय वर्मा जी (पशु कम्पाउंडर) के घर के पास, राजा साहब की गढ़ी के पीछे, पश्चिम मोहल्ला, रामगढ़ का है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान मानकों की अनदेखी करते हुए घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण इतनी कम अवधि में ही सड़क टूटने लगी। सड़क पर दरारें पड़ चुकी हैं और कई हिस्सों से कंक्रीट उखड़ने लगा है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि ग्राम पंचायत के फंड से हुए इस निर्माण में जनता के पैसे का दुरुपयोग हुआ है। यदि निर्माण कार्य गुणवत्ता और मानक के अनुरूप कराया गया होता तो सड़क इतनी जल्दी खराब नहीं होती। लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण के समय निगरानी में भी लापरवाही बरती गई।
क्षेत्रवासियों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि सड़क का पुनर्निर्माण उच्च गुणवत्ता वाले मटेरियल से कराया जाए ताकि भविष्य में ऐसी समस्या दोबारा न हो।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या ग्राम पंचायत फंड से होने वाले विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित रहेंगे, या जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे? यह सवाल पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Post a Comment