सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद
अष्टांग योग, प्राणायाम और चक्र जागरण की दी गई विशेष जानकारी, साधकों में दिखा अद्भुत उत्साह
ओबरा/सोनभद्र । पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के निर्देशन में सोनभद्र पतंजलि परिवार के विभिन्न संगठनों द्वारा आयोजित 25 दिवसीय सहयोग शिक्षक प्रशिक्षण शिविर-26 के 13वें दिन का प्रातःकालीन सत्र योग, साधना और ऊर्जा से भरपूर रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि देवेंद्र केशरी (केशर व्यवसायी एवं ओबरा श्रीराम कथा समिति के प्रमुख) ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर ओबरा परियोजना से सेवानिवृत्त रामलखन, परियोजना कर्मी ई. बबलू प्रजापति सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
योग प्रशिक्षक वीरेंद्र योगी ने उपस्थित योग शिक्षकों एवं साधकों को अष्टांग योग और राजयोग के आठ अंग—यम, नियम, आसन, प्राणायाम, प्रत्याहार, धारणा, ध्यान और समाधि—की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योग साधना में चक्रों का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है और प्राणायाम करते समय किसी एक चक्र पर ध्यान केंद्रित करने से साधना का प्रभाव कई गुना बढ़ जाता है।
उन्होंने बताया कि भस्त्रिका प्राणायाम के दौरान हृदय चक्र, कपालभाति में मूलाधार चक्र, बाह्य एवं अग्निसार क्रिया में मणिपुर चक्र, उज्जायी में हृदय चक्र तथा अनुलोम-विलोम एवं भ्रामरी प्राणायाम में आज्ञा चक्र पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उद्गीत एवं प्रणव ध्यान के समय शिव संकल्प के साथ साधना करने से तन-मन के साथ शरीर की प्रत्येक कोशिका ऊर्जावान बनती है तथा इम्यूनिटी पावर मजबूत होती है।
योगाभ्यास के दौरान मिस्र दंड, पहलवान बैठक, मकरासन, भुजंगासन, शलभासन, धनुरासन, मरकटासन, पवनमुक्तासन, पादवृत्तासन, द्विचक्रासन एवं अर्धहलासन जैसे आसनों का अभ्यास कराया गया। वहीं मधुमेह रोगियों के लिए मंडूकासन, शशकासन, गोमुखासन एवं वक्रासन का विशेष अभ्यास कराया गया। साधकों ने पूर्ण योगनिष्ठा, गुरु निष्ठा और श्रद्धा के साथ अत्यंत भव्य एवं दिव्य वातावरण में योगाभ्यास किया।
मुख्य अतिथि देवेंद्र केशरी ने अपने संबोधन में कहा कि योग केवल शरीर को ही नहीं बल्कि जीवन को भी स्वस्थ और सकारात्मक बनाता है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं प्रतिदिन योग करते हैं, लेकिन आज सभी साधकों के साथ योगाभ्यास कर उन्हें अलग ही आनंद और ऊर्जा का अनुभव हुआ। उन्होंने वीरेंद्र योगी के समर्पण, संकल्प और पुरुषार्थ की सराहना करते हुए आयोजन समिति को सफल संचालन के लिए बधाई दी।
कार्यक्रम के दौरान पतंजलि योगपीठ हरिद्वार के वरिष्ठ सदस्य घनश्याम सिंह तथा युवा कार्यकर्ता ई. बबलू प्रजापति ने मुख्य अतिथि को स्वाध्याय पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन जिला कोषाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने किया।
इस अवसर पर योग शिक्षक देवेश सिंह, लालजी, वीरेंद्र मास्टर, कृष्ण कुमार, राजेश यादव, नरेंद्र सिंह, आनंद, लक्ष्मण, भुवनेश्वर, राजाराम सिंह, राजकुमार सहित बड़ी संख्या में साधक उपस्थित रहे। महिला साधकों में गीता यादव, मंजू देवी, रेखा, किरन और रंजना पांडेय प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
आयोजकों ने बताया कि शिविर के अगले सत्र में ओबरा नगर पंचायत अध्यक्ष चांदनी देवी, भजन गायक चंदन तथा पत्रकार अजीत प्रताप सिंह के शामिल होने की संभावना है। शिविर में लोगों के भीतर योग सीखने और अपनाने का उत्साह लगातार बढ़ता जा रहा है।
“करें योग, रहें निरोग” का संदेश बना जन-जागरण का माध्यम



Post a Comment