सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
शराब माफियाओं का खुला खेल : पूरी रात बिक रही देशी शराब
आबकारी नियमों की उड़ रही धज्जियां, ओवररेटिंग और अवैध बिक्री से जनता परेशान
घोरावल/सोनभद्र। घोरावल थाना क्षेत्र के फुलवारी बाजार में संचालित देशी शराब की दुकान इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि शराब ठेकेदार आबकारी विभाग के नियमों को खुलेआम चुनौती देते हुए निर्धारित समय सीमा से पहले दुकान खोल रहा है और देर रात तक अवैध रूप से शराब की बिक्री कराई जा रही है। इससे क्षेत्र में नशाखोरी और अराजकता का माहौल लगातार बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार शासन द्वारा शराब बिक्री का समय सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक तय किया गया है, लेकिन फुलवारी बाजार स्थित देशी शराब का ठेका प्रतिदिन सुबह 6 से 7 बजे के बीच ही खुल जाता है। वहीं शादी-विवाह के सीजन का फायदा उठाकर शराब माफिया पूरी रात ओवररेट शराब बेच रहे हैं। आरोप है कि ग्राहकों से निर्धारित मूल्य से अधिक रकम वसूली जा रही है और विरोध करने पर अभद्र व्यवहार भी किया जाता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खुलेआम हो रही इस अवैध बिक्री के कारण क्षेत्र में मारपीट, झगड़े और सामाजिक अव्यवस्था की घटनाएं बढ़ रही हैं। सबसे अधिक चिंता की बात यह है कि युवा वर्ग तेजी से नशे की चपेट में आ रहा है। लोगों का आरोप है कि आबकारी विभाग की लापरवाही या कथित मिलीभगत के चलते शराब कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि जब शराब बिक्री के नियमों का पालन करवाने की जिम्मेदारी आबकारी विभाग की है, तो आखिर किसके संरक्षण में यह खेल लगातार जारी है? लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं।
क्षेत्रीय नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने जिला प्रशासन एवं आबकारी विभाग से मांग की है कि फुलवारी बाजार स्थित देशी शराब ठेके की तत्काल जांच कर लाइसेंस निलंबित किया जाए। साथ ही निर्धारित समय के बाहर शराब बिक्री, ओवररेटिंग और अवैध संचालन में शामिल ठेकेदार व कर्मचारियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाए।
इसके अतिरिक्त जिलेभर में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाकर अवैध शराब बिक्री और ओवररेटिंग पर रोक लगाने की भी मांग उठाई गई है। लोगों ने यह भी कहा कि यदि किसी अधिकारी की भूमिका संदिग्ध पाई जाती है तो उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मामले में मीडिया द्वारा संपर्क किए जाने पर आबकारी अधिकारी ने कहा कि शिकायत को गंभीरता से लिया गया है और जल्द ही जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment