Top News

बदहाल सड़क और सीवेज की मार से त्रस्त कटेसर के ग्रामीण

 


गली नंबर 109 में जानलेवा गड्ढे, कीचड़ और गंदगी से 400 वोटरों का जीवन नारकीय

सोन की आवाज न्यूज़ ब्यूरो चीफ चंदौली शेख टीपू सुल्तान


चंदौली।
विकासखंड नियामताबाद के अंतर्गत आने वाली ग्राम सभा कटेसर की गली नंबर 109 के निवासी आज भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित होकर बदहाली भरा जीवन जीने को मजबूर हैं।एनएच-35 पड़ाव से टेंगरा मोड़ मिर्जापुर मार्ग से सटी इस घनी आबादी वाली गली की हालत इतनी भयावह हो चुकी है कि यहां रहना ग्रामीणों के लिए किसी सजा से कम नहीं रह गया है। वर्षों से सड़क निर्माण न होने और अधूरे सीवेज कार्य ने पूरे इलाके को दलदल और दुर्घटना क्षेत्र में तब्दील कर दिया है।


ग्रामीणों का कहना है कि इस इकलौती गली में लगभग 400 से अधिक मतदाता निवास करते हैं, लेकिन हर चुनाव में विकास के बड़े-बड़े वादे करने वाले जनप्रतिनिधि चुनाव खत्म होते ही जनता को उनके हाल पर छोड़ देते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि करीब पांच वर्ष पूर्व विधायक स्तर से लेकर स्थानीय प्रशासन तक कई बार शिकायत और गुहार लगाई गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।


स्थिति तब और गंभीर हो गई जब सीवेज निर्माण कार्य शुरू कर संबंधित विभाग और ठेकेदार द्वारा उसे अधूरा छोड़ दिया गया। गली के मुख्य प्रवेश द्वार पर ही बड़े-बड़े और गहरे गड्ढे खोदकर छोड़ दिए गए हैं, जिनमें इन दिनों सीवेज और नालियों का गंदा पानी भरा हुआ है। मुख्य मार्ग से गली में प्रवेश करते ही यह जानलेवा दृश्य हर आने-जाने वाले को हादसे का डर दिखाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चौबीसों घंटे बहते सीवेज के पानी और इन गहरे गड्ढों के कारण कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।


बरसात के दिनों में हालात और भी भयावह हो जाते हैं। पूरी गली तालाब में तब्दील हो जाती है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को उठानी पड़ रही है। आए दिन लोग फिसलकर गंदे पानी और गड्ढों में गिर रहे हैं, जिससे संक्रमण और गंभीर बीमारी का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।

ग्रामीणों में प्रशासन और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय निवासियों ने जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि तत्काल सड़क निर्माण कराया जाए, जानलेवा गड्ढों को भरवाया जाए और अधूरे सीवेज कार्य को शीघ्र पूरा कराया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume