सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
सीसीटीवी और तकनीकी जांच के सहारे पुलिस ने पटना से खोज निकाले बच्चे, परिजनों में लौटी खुशी
सोनभद्र। पिपरी थाना पुलिस की सक्रियता और तत्पर कार्यवाही से घर से बिना बताए गए चार नाबालिग बच्चों को सकुशल बरामद कर उनके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। बच्चों की सुरक्षित वापसी के बाद परिवारों में खुशी का माहौल है, वहीं पुलिस की कार्यशैली की क्षेत्र में सराहना हो रही है।
जानकारी के अनुसार थाना पिपरी क्षेत्र के चाचा कॉलोनी वार्ड नं०-3 निवासी नन्दु पाल पुत्र रामबरन पाल ने थाना पिपरी पर सूचना दी थी कि उसका 14 वर्षीय पुत्र आलोक कुमार पाल अपने तीन मित्रों रोहित कुमार (12 वर्ष), विवेक हरिजन (14 वर्ष) एवं अनिकेत राम (16 वर्ष) के साथ 9 मई 2026 को घर से बिना बताए कहीं चला गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना पिपरी में मु0अ0सं0-83/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर तत्काल बच्चों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने लगातार सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य तकनीकी माध्यमों का गहन विश्लेषण किया।
लगातार प्रयासों के बाद 12 मई 2026 को थाना पिपरी पुलिस ने चारों बच्चों को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में बच्चों ने बताया कि वे सभी आपस में मित्र हैं और घूमने के उद्देश्य से बिना किसी को बताए ट्रेन से पटना चले गए थे। पुलिस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ कि बच्चों के साथ किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
आवश्यक विधिक कार्यवाही पूरी करने के बाद चारों बच्चों को सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से लोगों में सुरक्षा का विश्वास और मजबूत हुआ है।



Post a Comment