सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
उपभोक्ता अधिकार, नालसा योजनाओं और महिला सशक्तिकरण पर जागरूकता बढ़ाने के निर्देश
सोनभद्र। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र द्वारा आगामी 09 मई 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन को लेकर बुधवार को एडीआर भवन में पराविधिक स्वयं सेवकों एवं अधिकार मित्रों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण सचिव एवं न्यायाधीश राहुल ने की।
बैठक में पराविधिक स्वयं सेवकों ने बीते माह की कार्य प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान सचिव राहुल ने राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि आमजन तक उपभोक्ता अधिकारों, सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं तथा नालसा स्कीमों की जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
उन्होंने विशेष रूप से महिला अधिकारों, महिला संरक्षण कानूनों एवं महिला सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर जोर दिया। साथ ही मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के प्रति ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
सचिव राहुल ने स्थायी लोक अदालत की उपयोगिता बताते हुए कहा कि छोटे-छोटे विवादों का समाधान सुलह एवं समझौते के माध्यम से किया जा सकता है। उन्होंने उपभोक्ता आयोग एवं उपभोक्ताओं के अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने की भी अपील की।
बैठक में मध्यस्थता केंद्र और प्री-लिटिगेशन व्यवस्था की चर्चा करते हुए न्यायाधीश राहुल ने कहा कि वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों में न्यायालय जाने से पहले जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से आपसी सुलह का प्रयास किया जाना चाहिए। इससे समय और धन दोनों की बचत होती है तथा रिश्तों में सौहार्द बना रहता है।
बैठक में कमाल अहमद, मनोज कुमार पाठक, निर्मल कौर, निगार फरजाना, सपना सिंह, सरिता लाहा, प्रदीप कुमार मिश्रा, अजय कुमार मिश्रा, दीपन कुमार एवं सुमन सहित अन्य पराविधिक स्वयं सेवक एवं अधिकार मित्र उपस्थित रहे।
इस संबंध में जानकारी न्यायाधीश राहुल, सिविल जज (सीडी) एवं पूर्णकालिक सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सोनभद्र द्वारा दी गई।



إرسال تعليق