Top News

रात्रि में राहगीरों से बदसलूकी, जैत-परासी मार्ग पर दहशत का माहौल

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह 


सोनभद्र।
राबर्ट्सगंज-घोरावल मुख्य मार्ग पर सदर कोतवाली क्षेत्र के जैत और परासी दुबे गांव के बीच रात्रि के समय अराजकतत्वों की बढ़ती गतिविधियों से राहगीरों में भय का माहौल व्याप्त है। आए दिन राह चलते लोगों के साथ बदसलूकी, डराने-धमकाने और छिनैती जैसी घटनाओं की चर्चा से रात में आवागमन करना मुश्किल हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा अराजकतत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार राबर्ट्सगंज धर्मशाला चौक से घोरावल वाया शाहगंज मार्ग पर जैत गांव से परासी दुबे गांव के बीच कुछ अवांछनीय तत्व सक्रिय बताए जा रहे हैं। आरोप है कि ये लोग बाइक, साइकिल, ऑटो और टोटो से गुजरने वाले राहगीरों को रोककर परेशान करते हैं तथा उनके साथ छिनैती जैसी घटनाओं को अंजाम देने का प्रयास करते हैं।

बताया गया कि बीती रात करीब नौ बजे रितेश नामक युवक ड्यूटी से बाइक द्वारा अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों ने तेज गति से पीछे से आकर गाली-गलौज शुरू कर दी तथा उसकी बाइक को ओवरटेक कर रोकने का प्रयास किया। युवक ने किसी अनहोनी की आशंका को भांपते हुए अपनी बाइक की रफ्तार बढ़ा दी और किसी तरह वहां से निकलकर अपनी जान बचाई।

पीड़ित युवक के अनुसार यदि वह सतर्कता नहीं दिखाता तो अराजकतत्व किसी बड़ी घटना को अंजाम दे सकते थे। वहीं दूसरी ओर बीती रात धर्मशाला चौक स्थित टैम्पो स्टैंड पर करीब दस बजे आधा दर्जन नशे में धुत शरारती तत्वों द्वारा टैंपो चालक और राहगीरों से मारपीट किए जाने की भी चर्चा रही। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि इस सुनसान मार्ग पर पहले भी कई लोगों के साथ ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे रात में कामकाज से लौटने वाले लोग भयभीत रहते हैं। लोगों ने पुलिस अधीक्षक का ध्यान आकृष्ट कराते हुए जैत और परासी दुबे गांव के बीच नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित कराने तथा अराजकतत्वों पर कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।




Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume