आंगनवाड़ी केंद्र बंद मिलने पर डीपीओ के वेतन पर रोक, कार्यकर्ता हटाने के निर्देश
सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
सिंगरौली । जिले में लापरवाही पर सख्त रुख अपनाते हुए कलेक्टर गौरव बैनल ने महिला एवं बाल विकास विभाग में बड़ी कार्रवाई की है। नवजीवन विहार सेक्टर-2 एवं जरहा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-3 निरीक्षण के दौरान निर्धारित समय सुबह 9:30 बजे बंद पाए गए, जिस पर तत्काल सख्त कदम उठाए गए।
कलेक्टर के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी (DPO) जितेंद्र गुप्ता के वेतन आहरण पर आगामी आदेश तक रोक लगा दी गई है। साथ ही नवजीवन विहार सेक्टर-2 की आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पूजा कुशवाहा को पद से पृथक करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके अलावा संबंधित क्षेत्र की सुपरवाइजर प्रियंका द्विवेदी एवं जरहा आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक-3 की कार्यकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर के निर्देशन में सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा द्वारा इन आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान दोनों केंद्र बंद पाए जाने पर कलेक्टर ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए यह कड़ी कार्रवाई की।
कलेक्टर बैनल ने स्पष्ट किया है कि आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment