Top News

श्रमिकों के शोषण पर फूटा गुस्सा, समाज कल्याण मंत्री को सौंपा गया शिकायती पत्र

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह 


लंबे समय तक मजदूरी रोकने और फाइनल भुगतान न देने का आरोप, कार्रवाई न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी


ओबरा सोनभद्र ।
भारतीय संविदा श्रमिक संगठन के पदाधिकारियों ने माननीय समाज कल्याण मंत्री संजीव सिंह गौड़ को शिकायती पत्र सौंपकर कुछ संविदाकार कंपनियों पर श्रमिकों के शोषण, दोहन एवं उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाया। संगठन ने कहा कि ओबरा BTPS एवं CTPS क्षेत्र में कार्यरत कई कंपनियां श्रमिकों का वर्षों तक भुगतान रोककर श्रम कानूनों का खुला उल्लंघन कर रही हैं।

संगठन द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया कि ओबरा BTPS की संविदाकार कंपनी M/S Neeraj Constructions द्वारा श्रमिक राजकुमार यादव से तीन वर्षों से अधिक समय तक कार्य कराया गया, लेकिन आज तक उनका फुल एंड फाइनल भुगतान नहीं किया गया। आरोप है कि कंपनी द्वारा एक माह की मजदूरी भी रोक ली गई है।

वहीं ओबरा CTPS की संविदाकार कंपनी GDCL के साइट इंचार्ज सतेंद्र यादव पर आरोप लगाया गया कि उन्होंने श्रमिक धनंजय श्रीवास्तव से लगभग सात वर्षों तक कार्य कराने के बाद बिना फाइनल हिसाब दिए कंपनी से निकाल दिया। श्रमिक द्वारा मजदूरी एवं फुल एंड फाइनल भुगतान मांगने पर भी पिछले एक वर्ष से कोई सुनवाई नहीं हुई, जबकि सात माह का वेतन अब तक बकाया बताया जा रहा है।


संगठन मंत्री उमेश पटेल ने बताया कि मामले को लेकर कई बार IGRS पोर्टल एवं सीजीएम कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। आरोप लगाया गया कि ठेकेदारों द्वारा झूठे साक्ष्य प्रस्तुत कर शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया, जिससे पीड़ित श्रमिकों को न्याय नहीं मिल सका।

संगठन अध्यक्ष मणि शंकर पाठक ने कहा कि श्रमिकों का जितने समय तक शोषण किया गया है, श्रम नियमों के अनुसार उनका पूरा भुगतान एवं फाइनल सेटलमेंट कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि श्रमिकों को समय पर मजदूरी मिलना अत्यंत आवश्यक है, ताकि उनके परिवार का भरण-पोषण सुचारु रूप से हो सके।

कार्यक्रम में उपाध्यक्ष रणजीत तिवारी, महामंत्री कृष्ण कुमार पाठक, कोषाध्यक्ष नवलेश वर्मा, संयुक्त मंत्री रामेश्वर गिरी, महेंद्र पांडे, धनंजय श्रीवास्तव, राजकुमार यादव सहित अन्य श्रमिक उपस्थित रहे।





Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume