सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद
बिना नीलामी लकड़ी बेचने का आरोप, अधिकारियों की कार्यशैली पर खड़े हुए गंभीर प्रश्न
खलियारी, सोनभद्र । सोनभद्र जनपद के विकास खंड नगवां परिसर में पिछले दिनों आए तेज आंधी-तूफान के दौरान कई पेड़ गिर गए थे। अब इन गिरे हुए पेड़ों की बिक्री को लेकर ब्लॉक अधिकारियों पर गंभीर आरोप लग रहे हैं। क्षेत्र में चर्चा है कि पेड़ों की लकड़ी को बिना विधिवत नीलामी प्रक्रिया पूरी किए बेच दिया गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सरकारी संपत्ति की बिक्री में पारदर्शिता नहीं बरती गई और पूरी प्रक्रिया को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया। यदि पेड़ों की बिक्री हुई है तो उसकी नीलामी कब और कैसे की गई, कितनी राशि में लकड़ी बेची गई तथा बिक्री से प्राप्त धन सरकारी खाते में जमा हुआ या नहीं — इन सभी सवालों का जवाब अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।
सूत्रों के अनुसार, इससे पहले भी ब्लॉक परिसर में स्थित कीमती शीशम की लकड़ी बेचे जाने की चर्चा हुई थी, लेकिन उस मामले में भी किसी प्रकार की स्पष्ट कार्रवाई सामने नहीं आई। ऐसे में लगातार उठ रहे सवाल शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली पर बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर रहे हैं।
क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि सरकारी संपत्तियों की बिक्री पूरी पारदर्शिता और नियमों के तहत होनी चाहिए। यदि नीलामी प्रक्रिया अपनाई गई है तो उससे संबंधित दस्तावेज और अभिलेख सार्वजनिक किए जाने चाहिए ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके।
वहीं, इस संबंध में जब खंड विकास अधिकारी अनील सिंह से बात की गई तो उन्होंने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि पेड़ों की बिक्री पूरी नीलामी प्रक्रिया एवं नियमानुसार की गई है।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने के लिए कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक करता है या नहीं।



Post a Comment