सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
रेणुपावर थमिक पाठशाला में 101 बच्चों को मिला स्कूल बैग, खुशी से खिल उठे नौनिहालों के चेहरे
रेणुसागर/सोनभद्र । सोनभद्र जनपद के अनपरा परिक्षेत्र स्थित हिंडाल्को इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड रेणुसागर पावर डिवीजन में सामाजिक सरोकार और शिक्षा के प्रति संवेदनशीलता का एक प्रेरणादायक उदाहरण देखने को मिला। दिशिता महिला मंडल रेनूसागर द्वारा प्राथमिक पाठशाला रेणुसागर में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित कर 101 छात्र-छात्राओं को विद्यालयी बैग वितरित किए गए।
विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर उत्साह, खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। बैग पाकर नौनिहालों की मुस्कान ने पूरे माहौल को भावुक और आनंदमय बना दिया।
कार्यक्रम में दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह ने अपने कर-कमलों से बच्चों को बैग वितरित किए। इस अवसर पर निशा पांडेय, महिला मंडल की सचिव तूलिका श्रीवास्तव सहित मंडल की अन्य वरिष्ठ एवं कनिष्ठ सदस्याएँ भी मौजूद रहीं। सभी अतिथियों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शिक्षा के महत्व को समझाया और जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अपने प्रेरणादायी संबोधन में इंदु सिंह ने कहा कि—
“शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। यदि बच्चे मन लगाकर पढ़ाई करें और अनुशासन का पालन करें, तो वे निश्चित रूप से अपने माता-पिता, विद्यालय और समाज का नाम रोशन करेंगे।”
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महिला मंडल की इस सराहनीय पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक महिला मंडल के प्रति आभार व्यक्त किया।
अंत में विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सीमा दुबे ने दिशिता महिला मंडल की वरिष्ठ सदस्या इंदु सिंह एवं सभी सदस्याओं का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यक्रम बच्चों के मनोबल को बढ़ाने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं।
पूरा कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और बच्चों के चेहरों पर दिखाई दी मुस्कान इस सेवा कार्य की वास्तविक सफलता बन गई।




Post a Comment