डाला की नई बस्ती में देर रात मचा हड़कंप, परिवार में कोहराम
सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद
सोनभद्र/डाला। डाला पुलिस चौकी क्षेत्र की नई बस्ती में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। डाला नगर पंचायत में कार्यरत एक संविदा कर्मी का शव घर के किचन रूम में फांसी के फंदे से लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं मोहल्ले में शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है।
मृतक की पहचान नई बस्ती निवासी गोविंद गुप्ता (35 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय गोपाल गुप्ता के रूप में हुई है, जो डाला नगर पंचायत में संविदा कर्मी के पद पर कार्यरत थे। परिजनों के अनुसार सोमवार देर रात करीब 12 बजे घर के किचन रूम में कुछ संदिग्ध स्थिति दिखाई दी। जब खिड़की से झांककर देखा गया तो गोविंद गुप्ता फंदे से लटके दिखाई दिए। यह दृश्य देखते ही परिवार के लोगों के होश उड़ गए और घर में चीख-पुकार मच गई।
शोरगुल सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और तत्काल डाला पुलिस चौकी को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद किचन का दरवाजा खोला गया और गोविंद को फंदे से नीचे उतारा गया। गंभीर हालत में उन्हें आनन-फानन में निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चोपन ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी प्रभारी घनश्याम तिवारी ने बताया कि मामले की जांच हर पहलू से की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
नई बस्ती में हुई इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। नगर पंचायत कर्मी की अचानक मौत से परिचितों और स्थानीय लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।

Post a Comment