लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी, थाना प्रभारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
सोनभद्र। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील एवं जनोन्मुख बनाने की दिशा में पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने रविवार को पुलिस लाइन स्थित पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई/जनता दर्शन कार्यक्रम में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, पारिवारिक कलह, मारपीट, गुमशुदगी, साइबर धोखाधड़ी, राजस्व विवाद समेत कई मामलों में अपनी शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने प्रत्येक प्रकरण का स्वयं संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों की जांच पूरी गुणवत्ता और तथ्यों के आधार पर की जाए तथा पीड़ितों को कार्रवाई की जानकारी समय से उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही, अनावश्यक विलंब या फरियादियों का उत्पीड़न पाया गया तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जिन मामलों में तत्काल हस्तक्षेप आवश्यक है, उनमें बिना देरी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिल सके।जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद, विश्वास एवं पारदर्शिता की झलक देखने को मिली। पुलिस प्रशासन ने दोहराया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, निष्पक्ष और संतोषजनक समाधान ही पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




Post a Comment