सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
राहगीरों को मिली राहत, पूरे जून माह तक हर रविवार चलेगा सेवा अभियान
सोनभद्र। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच सामाजिक संस्था सोनांचल सेवा मंच द्वारा मानव सेवा की मिसाल पेश करते हुए रविवार को सुभाष तिराहे के पास हनुमान मंदिर के सामने राहगीरों के लिए सत्तू शरबत वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। संस्था के कार्यकर्ताओं ने गर्मी से परेशान लोगों को ठंडा सत्तू शरबत पिलाकर राहत पहुंचाई।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि यह शरबत सत्तू, जलजीरा, पुदीना, काला नमक एवं जीरा के मिश्रण से तैयार किया गया, जिसमें बर्फ मिलाकर स्वादिष्ट एवं स्वास्थ्यवर्धक पेय बनाया गया। शरबत पीने के बाद राहगीरों ने संस्था के इस प्रयास की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
संस्था के संयोजक अशोक कुमार यादव एवं अध्यक्ष अनूप कुमार सेठ ने बताया कि सोनांचल सेवा मंच द्वारा पूरे जून माह तक प्रत्येक रविवार को ऐसे स्थानों पर सत्तू शरबत वितरण किया जाएगा, जहां आमजन का आवागमन अधिक रहता है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य सेवा भावना के माध्यम से समाज में सहयोग और मानवता का संदेश देना है।
कार्यक्रम को सफल बनाने में व्यवस्थापक सुशील कुमार कुशवाहा, कोषाध्यक्ष श्रीमती उषा शर्मा, सज्जाद अली, विभाश घटक, मनोज जायसवाल, महिला इकाई की अध्यक्ष श्रीमती निर्मला भटनागर, कार्यवाहक अध्यक्ष सुषमा कुशवाहा, उपाध्यक्ष सरिता सिंह, सचिव बिना पांडे, गीता एवं विकास यादव सहित अन्य कार्यकर्ताओं का सहयोग उल्लेखनीय रहा।
आमजन ने संस्था के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा करते हुए भविष्य में भी ऐसे सामाजिक आयोजनों में सहयोग करने का संकल्प लिया।




إرسال تعليق