Top News

रात में थाने पहुंचे एसपी अभिषेक वर्मा, व्यवस्थाओं का लिया जायजा


सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह 

रिकॉर्ड से लेकर हवालात तक की जांच, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध पर दिए सख्त निर्देश


सोनभद्र।
जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बुधवार देर रात थाना रामपुर बरकोनिया का आकस्मिक निरीक्षण किया। एसपी के अचानक थाने पहुंचने से पुलिसकर्मियों में हलचल मच गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों एवं अभिलेखों के रख-रखाव का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, मालखाना, हवालात, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय एवं सीसीटीवी व्यवस्था की गहन जांच की गई। पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अभिलेखों को अद्यतन एवं सुव्यवस्थित रखा जाए तथा थाना परिसर में स्वच्छता एवं अनुशासन बनाए रखा जाए। उन्होंने समयबद्ध एवं पारदर्शी कार्य प्रणाली अपनाने पर भी जोर दिया।

महिला सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एसपी ने मिशन शक्ति केंद्र एवं महिला हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। इस दौरान महिला अपराधों से जुड़े मामलों में त्वरित, निष्पक्ष एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पीड़ित महिलाओं को सम्मानजनक व्यवहार के साथ तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जाए।

साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण करते हुए पुलिस अधीक्षक ने ऑनलाइन फ्रॉड एवं साइबर अपराध से संबंधित शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने पर भी बल दिया।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने रात्रि गश्त पर निकले पीआरवी वाहनों की भी जांच की तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत दी। इसके अलावा थाना में नियुक्त रिक्रूट आरक्षियों के कार्यों की समीक्षा कर उन्हें अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण, संवेदनशील व्यवहार एवं पारदर्शी पुलिसिंग ही पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।



Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume