चकबंदी घोटाले का आरोप, 346वें दिन भी उबाल पर किसानों का गुस्सा

 

“जमीन बचाओ” आंदोलन तेज, प्रशासन पर अनदेखी का गंभीर आरोप

सोन की आवाज न्यूज़ सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह


घोरावल ब्लॉक के भैसवार गांव में चकबंदी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों को लेकर किसानों का आक्रोश थमने का नाम नहीं ले रहा है। “जमीन बचाओ” के नारे के साथ जारी धरना अब 346वें दिन में प्रवेश कर चुका है, जिससे प्रशासनिक उदासीनता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सेमरीहवा टोला स्थित बछनार बिरबाबा देवस्थान पर चल रहे इस आंदोलन का नेतृत्व भारतीय किसान यूनियन (लोक शक्ति) के जिला अध्यक्ष बिरजू कुशवाहा कर रहे हैं। धरना स्थल पर बड़ी संख्या में किसान और ग्रामीण एकजुट होकर अपनी जमीन बचाने की लड़ाई लड़ रहे हैं।

किसानों का आरोप है कि चकबंदी विभाग में भारी अनियमितताएं हुई हैं, जिससे उनकी जमीनों के साथ अन्याय किया जा रहा है। भाकियू (लोक शक्ति) के नेताओं ने बताया कि 24 फरवरी 2026 को मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष कार्य अधिकारी द्वारा मिर्जापुर मंडल के आयुक्त, सोनभद्र के जिलाधिकारी और चकबंदी अधिकारी को 15 मार्च तक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए थे। बावजूद इसके, अब तक कोई ठोस कार्रवाई या रिपोर्ट सामने नहीं आई है।


नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक चकबंदी में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच नहीं होती, तब तक गांव में चकबंदी प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। यदि प्रशासन ने जल्द संज्ञान नहीं लिया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

भाकियू (लोक शक्ति) के जिला सचिव संजय कुमार यादव ने भी प्रशासन की निष्क्रियता पर नाराजगी जताते हुए कहा कि किसानों की समस्याओं की लगातार अनदेखी हो रही है। उन्होंने मांग की कि भैसवार गांव के किसानों को न्याय और तत्काल राहत दी जाए।

धरना स्थल पर प्रमुख रूप से बिरजू कुशवाहा, सचिन, संजय कुमार यादव, रामपाल, सीताराम मौर्य, बहादुर कोल, काशीनाथ मौर्य, जवाहीर और गुंजन सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

👉 अब सवाल यह है कि क्या प्रशासन जागेगा या किसानों का संघर्ष और उग्र होगा?

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume