सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद
इस्लामिया इंटरमीडिएट कॉलेज में फायर टीम ने बताए आग से बचाव के उपाय, सुरक्षित दीपावली मनाने का दिलाया संकल्प
ओबरा (सोनभद्र), 16 सितंबर 2026। आगामी दीपावली पर्व को देखते हुए आगजनी की घटनाओं की रोकथाम और आमजन को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से केऔसुब (CISF) इकाई ओटीएचपीपी, ओबरा की अग्निशमन शाखा ने बुधवार को विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। कमांडेंट सतीश कुमार सिंह के निर्देशन तथा अग्निशमन प्रभारी सहायक कमांडेंट आनंद कुमार नारा के नेतृत्व में अभियान का आयोजन इकाई के समीप स्थित इस्लामिया इंटरमीडिएट कॉलेज, ओबरा में किया गया।
अभियान के दौरान अग्निशमन शाखा के जवानों ने विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं विद्यालय स्टाफ को दीपावली के दौरान आगजनी से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी। टीम ने आग लगने की स्थिति में तत्काल उठाए जाने वाले कदम, अग्निशामक यंत्रों के सही एवं सुरक्षित उपयोग तथा आपात स्थिति में भवन से सुरक्षित बाहर निकलने के तरीकों की व्यावहारिक जानकारी दी।
अग्निशमन टीम ने कहा कि दीपावली का पर्व उत्साह के साथ मनाने के साथ सुरक्षा और सावधानी को सर्वोच्च प्राथमिकता देना जरूरी है। समय रहते बरती गई थोड़ी सी सतर्कता बड़ी अग्नि दुर्घटना को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। इस दौरान डोमेस्टिक फायर से बचाव एवं घरों में आग लगने की संभावित वजहों को लेकर भी विद्यार्थियों और विद्यालय कर्मियों को जागरूक किया गया।
अभियान का उद्देश्य दीपावली के दौरान संभावित अग्नि दुर्घटनाओं को रोकने के साथ विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को अग्नि सुरक्षा के प्रति सजग करना और सुरक्षित वातावरण में पर्व मनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम का आयोजन निरीक्षक/अग्नि हुपेंद्र कुमार एवं उप निरीक्षक/अग्नि अमित कुमार चतुर्वेदी की देखरेख में हुआ। इस अवसर पर प्रधान आरक्षक/अग्नि सुशिल कुमार ताव, प्रधान आरक्षक/अग्नि विवेकानंद सिंह, आरक्षक/अग्नि नितेश कुमार सिंह, आरक्षक/अग्नि दर्संगलिन एवं आरक्षक/डिसिपिओ अजित सिंह काजला मौजूद रहे।
कार्यक्रम में विद्यालय के 16 अध्यापक-अध्यापिकाओं एवं अन्य स्टाफ सहित 220 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों और विद्यालय कर्मियों ने अग्नि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करते हुए सुरक्षित एवं सावधानीपूर्वक दीपावली मनाने का संकल्प लिया।










Post a Comment