सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल
अनपरा, सोनभद्र। अनपरा बाजार स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा के सामने लगी हाईमास्ट लाइट पिछले करीब सवा साल से खराब पड़ी है। लंबे समय से खराब पड़ी लाइट के कारण जहां रात के समय बाजार क्षेत्र में अंधेरा रहता है, वहीं बैंक की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर भी स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बैंक के सामने हाईमास्ट लाइट का होना सुरक्षा की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है। रात के समय बैंक के आसपास पर्याप्त रोशनी रहने से संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखने में मदद मिल सकती है। इसके बावजूद हाईमास्ट लाइट लंबे समय से खराब होने के कारण अब शोपीस बनकर रह गई है।
लोगों के मुताबिक खराब हाईमास्ट लाइट की जानकारी कई बार नगर पंचायत को दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक इसे दुरुस्त कराने के लिए ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। इसे लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और उन्होंने नगर पंचायत प्रशासन से जल्द से जल्द लाइट की मरम्मत कराने की मांग की है।
इस संबंध में नगर पंचायत अध्यक्ष विश्राम बैसवार से भी बात की गई। उन्होंने खराब हाईमास्ट लाइट को जल्द ठीक कराए जाने का आश्वासन दिया है।
अब देखना यह है कि नगर पंचायत प्रशासन के आश्वासन के बाद हाईमास्ट लाइट की मरम्मत कब तक कराई जाती है या फिर यह महत्वपूर्ण प्रकाश व्यवस्था इसी तरह लंबे समय तक शोपीस बनी रहती है।

Post a Comment