सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल
करिश्मा और आंचल ने परीक्षा उत्तीर्ण कर विद्यालय एवं परिजनों का बढ़ाया गौरव
कुलडोमरी,अनपरा। जिला स्तरीय एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा का परिणाम 21 सितंबर को जारी किया गया। मई माह में राजकीय इंटर कॉलेज, अनपरा में आयोजित इस परीक्षा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया था। परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को सरकार की ओर से छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
इस परीक्षा में न्याय पंचायत कुलडोमरी के ग्राम सभा सिधवाडांड स्थित कम्पोजिट विद्यालय सिधवाडांड की दो होनहार बालिकाओं करिश्मा कुमारी एवं आंचल कुमारी ने सफलता हासिल कर विद्यालय, माता-पिता एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया।
दोनों छात्राओं की प्रारंभिक शिक्षा न्याय पंचायत कुलडोमरी के प्राथमिक विद्यालय लोट से हुई है। विद्यालय के शिक्षकों के अनुसार दोनों बालिकाएं बचपन से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर, मेहनती और प्रतिभाशाली रही हैं। अपनी मेहनत और लगन के बल पर उन्होंने जिला स्तरीय परीक्षा में सफलता हासिल की।
दोनों छात्राओं की उपलब्धि की जानकारी मिलते ही विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल बन गया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों ने कहा कि करिश्मा और आंचल की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
ग्रामीण क्षेत्र की इन दोनों बालिकाओं ने अपनी मेहनत से यह साबित किया है कि प्रतिभा किसी क्षेत्र की मोहताज नहीं होती, यदि मेहनत और सही मार्गदर्शन मिले तो विद्यार्थी किसी भी स्तर पर सफलता हासिल कर सकते हैं।

Post a Comment