सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर गौरव कुमार
“आप सुरक्षा में डटे हैं, इसलिए हम चैन से त्योहार मनाते हैं”—पुलिसकर्मियों के सम्मान में आरएसएस मातृशक्ति की अनूठी पहल
ओबरा (सोनभद्र)। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की मातृशक्ति ने समाज और जनपद की सुरक्षा में दिन-रात मुस्तैद रहने वाले पुलिसकर्मियों के प्रति स्नेह और सम्मान की अनूठी मिसाल पेश की। ओबरा स्थित पुलिस सहायता केंद्र (पिंक बूथ) पर पहुंचीं मातृशक्तियों ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर उनके दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की।
विभाग कार्यवाह गीतांजलि के नेतृत्व में पहुंचीं मातृशक्तियों संजू श्रीवास्तव, ऊषा शर्मा, बीना पांडे और हेमलता ने कहा कि जब पूरा देश अपने परिवार के साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाता है, उस समय पुलिसकर्मी अपने परिवार से दूर रहकर नागरिकों की सुरक्षा में डटे रहते हैं। ऐसे कर्मवीरों की कलाई पर राखी बांधना उनके लिए सम्मान और कृतज्ञता का भाव है। पूरा समाज ही उनका परिवार है, यह एहसास कराना हम सभी का दायित्व है।
राखी के साथ मिला सम्मान, खाकी ने लिया सुरक्षा का संकल्प
राखी बंधवाने के बाद ओबरा चौकी इंचार्ज सुनील कुमार, यातायात प्रभारी राजेश यादव, हेड कांस्टेबल अनिल कुमार, संतोष पटेल समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने मातृशक्ति का आभार जताया। पुलिसकर्मियों ने कहा कि रक्षासूत्र का यह स्नेह उन्हें कर्तव्य पथ पर और अधिक निष्ठा एवं ईमानदारी से डटे रहने की नई ऊर्जा देता है।
इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने मातृशक्ति और क्षेत्र की प्रत्येक बहन-बेटी की सुरक्षा, सम्मान और गरिमा की रक्षा का संकल्प दोहराया। राखी के इस भावुक मिलन ने पुलिस और समाज के बीच विश्वास, अपनत्व और भाईचारे की डोर को और मजबूत किया।

Post a Comment