Top News

अनपरा तापीय परियोजना का डिस्चार्ज चैनल बना ‘डेथ पॉइंट’, अधूरी घेराबंदी पर उठे सवाल

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल 



अनपरा, सोनभद्र।
अनपरा थाना क्षेत्र स्थित अनपरा थर्मल परियोजना का डिस्चार्ज वाटर चैनल एक बार फिर दर्दनाक घटना का गवाह बना है। शुक्रवार की सुबह डिबुलगंज निवासी 35 वर्षीय राजेश भारतीय, पुत्र फूलचंद भारतीय ने कथित रूप से डिस्चार्ज चैनल में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक युवक की तलाश की गई, लेकिन शव बरामद नहीं हो सका।

लगभग 24 घंटे तक चले तलाश अभियान के बाद शनिवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने शव को बरामद कर लिया। युवक द्वारा उठाए गए इस कदम से जहां परिवार में शोक का माहौल है, वहीं एक बार फिर डिस्चार्ज चैनल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बीते वर्षों में इस डिस्चार्ज वाटर कैनाल में कई दर्दनाक घटनाएं हो चुकी हैं, जिसके कारण यह स्थान क्षेत्र में अब ‘डेथ पॉइंट’ अथवा ‘ट्रेजडी पॉइंट’ के रूप में चर्चित हो चुका है। लगातार हो रही घटनाओं के बाद सुरक्षा की दृष्टि से परियोजना प्रबंधन द्वारा कैनाल के दोनों किनारों पर जाली लगाकर घेराबंदी कराई गई थी। हालांकि, लोगों का कहना है कि यह सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह कारगर साबित नहीं हो रही है।

विशेष रूप से कैनाल के अंतिम छोर पर, जहां तेज बहाव के साथ पानी नीचे गिरता है, वहां सुरक्षा व्यवस्था अधूरी बताई जा रही है। इस स्थान पर नुकीले पत्थर, गहरा पानी और तेज धार मौजूद है, जिससे किसी भी दुर्घटना की स्थिति बेहद खतरनाक हो सकती है। स्थानीय लोगों को इस क्षेत्र में नहाते-धोते और पिकनिक मनाते हुए भी देखा जाता है, जो सुरक्षा की दृष्टि से चिंता का विषय है।

बताया जाता है कि डिस्चार्ज चैनल का तेज बहाव डी परियोजना पुलिया तक बना रहता है और पूर्व में हुई कई घटनाएं भी इसी तरह के खतरनाक स्थानों के आसपास घटित हुई हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर पूरी तरह से प्रभावी घेराबंदी और सुरक्षा व्यवस्था की जाए तो भविष्य में होने वाली घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

शुक्रवार की सुबह 35 वर्षीय युवक द्वारा उठाए गए इस दुखद कदम ने न केवल उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया, बल्कि पुलिस और राहत-बचाव दल के सामने भी बड़ी चुनौती खड़ी कर दी। अब आवश्यकता है कि प्रशासन और परियोजना प्रबंधन इस पूरे क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों की पुनः समीक्षा कर अधूरी सुरक्षा व्यवस्था को जल्द से जल्द पूरा कराए, ताकि यह डिस्चार्ज चैनल आगे किसी और हादसे का कारण न बने।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume