Top News

जन्मदिन पर पौधरोपण की अनूठी पहल, औषधीय पौधा भेंट कर दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर राम पुकार प्रसाद 


भारत स्वाभिमान व पतंजलि परिवार का संकल्प—हर खुशी के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य का उपहार

ओबरा (सोनभद्र)। पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ समाज के निर्माण के उद्देश्य से भारत स्वाभिमान एवं पतंजलि परिवार द्वारा चलाया जा रहा पौधरोपण अभियान लगातार जन-जन तक अपनी सकारात्मक पहचान बना रहा है। इसी क्रम में सेक्टर-09 न्यू कॉलोनी, ओबरा में साधना के जन्मदिवस के अवसर पर भारत स्वाभिमान सोनभद्र के जिला प्रभारी एवं पतंजलि योगपीठ हरिद्वार से जुड़े योग प्रशिक्षक वीरेंद्र योगी ने औषधीय पौधा भेंट कर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं तथा पौधरोपण कराकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर वीरेंद्र योगी ने कहा कि पतंजलि परिवार ओबरा की ओर से जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ तथा अन्य शुभ अवसरों पर निःशुल्क औषधीय एवं फलदार पौधे भेंट करने का अभियान चलाया जा रहा है। तुलसी, नीम, बेल, कनेर, मीठी नीम, करेला, आम, आंवला, अमरूद, नींबू, हरसिंगार, सदाबहार, अश्वगंधा, शतावरी, अर्जुन, बहेड़ा, हरड़, अंगूर, सेब सहित अनेक उपयोगी पौधे लोगों को भेंट कर उन्हें स्वस्थ, दीर्घायु एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जाता है।

उन्होंने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के मन में प्रकृति और मां धरती के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित करना है। औषधीय पौधों के माध्यम से प्रत्येक परिवार को स्वास्थ्य, स्वदेशी जीवनशैली और स्वच्छ पर्यावरण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम में महिला पतंजलि समिति की जिला प्रभारी बहन ममता श्रीवास्तव, मिनाक्षी मौर्य, ऋचा वर्मा, ऊषा शर्मा, संजू, पुष्पा, रितिका प्रजापति, खुशी, हेमलता, रामा चौबे, वीणा, कृतिमा सिंह, ममता तिवारी, रेनू तथा राष्ट्रीय सेविका समिति की जिला कार्यवाहिका एवं संरक्षिका गीतांजलि चौबे के नेतृत्व में अनेक कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की।

इस अवसर पर भारत स्वाभिमान के जिला प्रभारी वीरेंद्र योगी, नरेंद्र सिंह, अमर जायसवाल, कृष्णा, देवेश कुमार सिंह, बबलू प्रजापति, हरिवंश, अनिल, राम-लखन, लालजी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

वीरेंद्र योगी ने बताया कि भविष्य में भी जिन बच्चों के जन्मदिन अथवा अन्य शुभ अवसरों पर उन्हें आमंत्रित किया जाएगा, वहां निःशुल्क औषधीय पौधे भेंट कर पौधरोपण कराया जाएगा। 

उन्होंने बताया कि जल्द ही ओबरा के बिल्ली गांव स्थित देवेश सिंह के आवास परिसर में आंवला एवं जामुन के पौधों का भी रोपण किया जाएगा। उनका कहना है कि प्रत्येक परिवार यदि एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, बेहतर स्वास्थ्य और हरित भविष्य की अमूल्य सौगात मिल सकेगी।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume