सोन की आवाज न्यूज़ मंडल ब्यूरो चीफ जगरनाथ प्रसाद
थाने में महिलाओं की सुरक्षा और साइबर अपराधों पर बड़ी पहल
सोनभद्र। जनपद में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण को और अधिक सशक्त बनाने की दिशा में शनिवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। थाना ओबरा परिसर में मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर सेल का संयुक्त रूप से उद्घाटन जिलाधिकारी चर्चित गौड़ एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने फीता काटकर किया। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को त्वरित सहायता उपलब्ध कराना तथा साइबर अपराधों की शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप महिलाओं को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं सशक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र के माध्यम से महिलाओं को सुरक्षा, परामर्श, मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि थाना परिसर में स्थापित साइबर सेल ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, डिजिटल फ्रॉड, सोशल मीडिया अपराध तथा अन्य साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करेगी। साथ ही लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए नियमित रूप से जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएंगे, ताकि नागरिक साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकें।
उन्होंने आमजन से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी या महिलाओं से संबंधित अपराध की घटना सामने आती है तो बिना किसी विलंब के पुलिस से संपर्क करें और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं त्वरित निस्तारण किया जाएगा।
उद्घाटन समारोह में पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, स्थानीय लोग एवं पुलिसकर्मी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और डिजिटल युग में बढ़ते साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक रहने का संदेश भी दिया गया।


إرسال تعليق