Top News

वेतन भुगतान में देरी से आक्रोशित सफाई कर्मियों ने किया प्रदर्शन, मुख्य महाप्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर अनपरा सोनभद्र पुष्पराज सिंह बघेल 



अनपरा, सोनभद्र।
अनपरा तापीय परियोजना की आवासीय कॉलोनियों में कार्यरत सफाई कर्मियों ने वेतन भुगतान में हो रही देरी, निर्धारित न्यूनतम मजदूरी नहीं मिलने तथा श्रमिक सुविधाओं से वंचित किए जाने के विरोध में सोमवार को परियोजना के मुख्य महाप्रबंधक को ज्ञापन सौंपकर प्रदर्शन किया। श्रमिकों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से उन्हें आर्थिक और श्रम संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

सफाई कर्मियों ने बताया कि परियोजना की स्थायी एवं अस्थायी कॉलोनियों में सफाई व्यवस्था का दायित्व मुख्य संविदाकार आरके एसोसिएट के पास है। उनका आरोप है कि मुख्य संविदाकार ने यह कार्य पेटी ठेके के माध्यम से शिवा कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड को सौंप रखा है, जिसके जरिए उनसे सफाई कार्य कराया जा रहा है।

श्रमिकों का कहना है कि उन्हें शासन द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है। साथ ही वेतन भी नियमित रूप से समय पर नहीं मिलता। उनका आरोप है कि सुरक्षा उपकरण केवल औपचारिक रूप से उपलब्ध कराए जाते हैं तथा ईपीएफ और ईएसआईसी से संबंधित अभिलेख एवं रसीदें भी श्रमिकों को नहीं दी जातीं।

कर्मियों ने बताया कि जब उन्होंने अपनी समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों से शिकायत की तो इसे ठेकेदार का विषय बताकर जिम्मेदारी से किनारा कर लिया गया। वहीं ठेकेदार का कहना है कि मुख्य संविदाकार से समय पर भुगतान नहीं मिलने के कारण मजदूरों का वेतन भी समय से नहीं दिया जा पा रहा है।

सफाई कर्मियों ने कहा कि लगातार वेतन में देरी और कम भुगतान के कारण उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। कई श्रमिकों के सामने घर का खर्च चलाने तथा बच्चों की शिक्षा जैसी आवश्यक जरूरतें पूरी करना भी कठिन हो गया है।

जिला संविदा श्रमिक यूनियन सीटू के जिला अध्यक्ष सुरेंद्र पाल ने कहा कि संगठन पूर्व में भी कई बार प्रबंधन को पत्र देकर इस समस्या से अवगत करा चुका है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने कहा कि शासनादेश के अनुरूप मजदूरों को न्यूनतम मजदूरी, समय पर वेतन, ईपीएफ तथा ईएसआईसी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रबंधन की जिम्मेदारी है।

उन्होंने आरोप लगाया कि पेटी ठेकेदारी व्यवस्था के कारण श्रमिकों का लगातार शोषण हो रहा है। उन्होंने मांग की कि प्रबंधन तत्काल हस्तक्षेप कर मजदूरों की सभी लंबित समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करे।

प्रदर्शन के दौरान संतोष कुमार, सुनील कुमार, अशोक, इन्द्रजीत, चमेली, मुन्नी, किताबी देवी, आकाश, शंभू, कुसमी, सरीरा, राजेन्द्र, अजय कुमार, साधू, चन्द्रिका, बिरू, बब्लू, जगदीश, मुस्कान सहित बड़ी संख्या में सफाई कर्मी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume