Top News

विधायक निधि से बन रही पुलिया में मानकों की अनदेखी का आरोप

 सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर प्रदीप सिंह




जंगल से लाए जा रहे कच्चे पत्थर, पुराने फाउंडेशन पर निर्माण से ग्रामीणों में भारी नाराजगी


सोनभद्र।
विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। ग्राम पंचायत सिंदूर मकरा के बिजलझरिया स्थित कार्यस्थल पर विधायक कोटे से निर्माणाधीन पुलिया में मानकों की अनदेखी किए जाने का आरोप ग्रामीणों ने लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता के बजाय जंगल से लाए गए कच्चे एवं कमजोर पत्थरों का उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण कार्य की मजबूती पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।


ग्रामीणों का आरोप है कि नई पुलिया के निर्माण में पुराने फाउंडेशन (नींव) का ही इस्तेमाल किया जा रहा है, जबकि नियमानुसार नए सिरे से मजबूत आधार तैयार किया जाना चाहिए था। गांव वालों का कहना है कि यदि निर्माण कार्य इसी प्रकार चलता रहा तो पुलिया की गुणवत्ता प्रभावित होगी और भविष्य में लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप कार्य कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जनता के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

बताया जा रहा है कि उक्त निर्माण कार्य का ठेका बृजेश सिंह के पास है। ग्रामीणों ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण सामग्री एवं कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।


 *ग्रामीणों की मांग* 

- निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए।

- उपयोग की जा रही सामग्री की गुणवत्ता की जांच हो।

- पुराने फाउंडेशन के उपयोग की सत्यता सामने लाई जाए।

- मानक के अनुरूप निर्माण सुनिश्चित किया जाए।

अब देखना यह होगा कि ग्रामीणों की शिकायतों पर संबंधित विभाग क्या कार्रवाई करता है और निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब कब तक मिलता है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume