Top News

लखनऊ की डॉ. रंजना सिंह और सोनभद्र के संतोष कुमार ने बढ़ाया प्रदेश का मान पंचायत स्तर पर डिजिटल सेवा में उत्कृष्ट योगदान पर मिला सम्मान


सोन की आवाज न्यूज़ जगरनाथ प्रसाद का रिपोर्ट

‘सेवा से समृद्धि’ कार्यशाला में यूपी के दो CSC-VLE राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित

लखनऊ की डॉ. रंजना सिंह और सोनभद्र के संतोष कुमार ने बढ़ाया प्रदेश का मान

पंचायत स्तर पर डिजिटल सेवा में उत्कृष्ट योगदान पर मिला सम्मान


लखनऊ, 24 जून 2026।

ग्रामीण भारत में पंचायत आधारित डिजिटल सेवा वितरण को और अधिक सशक्त बनाने तथा अंतिम व्यक्ति तक सरकारी सेवाओं की प्रभावी पहुँच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पंचायती राज मंत्रालय (MoPR) एवं कॉमन सर्विस सेंटर स्पेशल पर्पस व्हीकल (CSC-SPV), इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में 23 जून 2026 को श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) में “सेवा से समृद्धि: पंचायत-आधारित सेवा वितरण” विषय पर एक भव्य क्षेत्रीय कार्यशाला आयोजित की गई।

कार्यक्रम का उद्घाटन जम्मू-कश्मीर के माननीय उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री जावेद अहमद डार, पंचायती राज मंत्रालय के सचिव विवेक भारद्वाज, CSC के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) प्रवीण चंदेकर, संयुक्त सचिव पलका साहनी तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, जम्मू-कश्मीर के सचिव मोहम्मद एजाज असद सहित विभिन्न राज्यों के वरिष्ठ अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और CSC के विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर (VLE) उपस्थित रहे।

कार्यशाला में हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश सहित सात राज्यों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान पंचायत आधारित सेवा वितरण, डिजिटल गवर्नेंस, नागरिक सहभागिता और सुशासन के प्रभावी मॉडलों पर व्यापक चर्चा हुई। तकनीकी सत्रों, पैनल चर्चाओं एवं अनुभव-साझाकरण के माध्यम से विभिन्न राज्यों की सफल कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान किया गया।


कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत स्तर पर उत्कृष्ट डिजिटल सेवाएँ प्रदान करने वाले CSC केंद्रों एवं VLE को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश से लखनऊ की डॉ. रंजना सिंह एवं सोनभद्र के संतोष कुमार को उनके उत्कृष्ट कार्यों और जनसेवा के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

डॉ. रंजना सिंह ने अपने CSC केंद्र के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, डिजिटल समावेशन और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने हजारों महिलाओं को सरकारी योजनाओं एवं डिजिटल सेवाओं से जोड़ा तथा लगभग 2,000 से अधिक स्वयं सहायता समूह (SHG) की महिलाओं को आजीविका और स्वरोजगार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से बड़ी संख्या में ABHA कार्ड एवं आयुष्मान भारत कार्ड बनाए गए। उनकी अभिनव महिला-संचालित CSC डिजिटल आउटरीच वैन ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर पहुँचकर सेवाएँ उपलब्ध करा रही है। साथ ही उनके CSC केंद्र द्वारा 15 स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार भी उपलब्ध कराया गया है।


वहीं सोनभद्र के संतोष कुमार वर्ष 2009 से ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों में डिजिटल सेवाओं के विस्तार हेतु लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने डिजिटल साक्षरता, बैंकिंग एवं वित्तीय समावेशन, आधार सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, डिजिटल भुगतान और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके प्रयासों से हजारों ग्रामीण नागरिक, किसान, महिलाएँ एवं छात्र लाभान्वित हुए हैं। उनके CSC केंद्र द्वारा 26 स्थानीय युवाओं को प्रत्यक्ष रोजगार भी उपलब्ध कराया गया है।

इस अवसर पर CSC उत्तर प्रदेश के स्टेट हेड राजेश मिश्रा ने दोनों सम्मानित VLE को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान पूरे उत्तर प्रदेश के CSC परिवार के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर मिलने वाली ऐसी मान्यता न केवल उत्कृष्ट कार्य करने वाले VLE का उत्साह बढ़ाती है, बल्कि अन्य VLE को भी नवाचार एवं सेवा भावना के साथ कार्य करने की प्रेरणा देती है।

उन्होंने कहा,

“CSC VLE की वास्तविक पहचान उसकी ग्राम पंचायत से होती है। प्रत्येक VLE अपने क्षेत्र में शासन की डिजिटल सेवाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाता है। CSC केवल सेवा केंद्र नहीं, बल्कि ग्राम पंचायत स्तर पर डिजिटल सुशासन, वित्तीय समावेशन, सामाजिक सुरक्षा और नागरिक सशक्तिकरण का मजबूत माध्यम है।”


श्री मिश्रा ने प्रदेश के सभी VLE से आह्वान किया कि वे CSC डिजिटल सेवा पोर्टल पर उपलब्ध सेवाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र नागरिक सरकारी योजनाओं एवं डिजिटल सेवाओं का लाभ उठा सकें।

उत्तर प्रदेश में कार्यरत CSC नेटवर्क लगातार ग्रामीण नागरिकों तक डिजिटल सेवाओं की सहज एवं पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। राज्य के हजारों VLE ग्राम पंचायत स्तर पर शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाते हुए डिजिटल समावेशन, महिला सशक्तिकरण, वित्तीय समावेशन और ग्रामीण विकास को नई गति दे रहे हैं। राष्ट्रीय स्तर पर प्राप्त यह सम्मान उत्तर प्रदेश के CSC नेटवर्क की उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति और जनसेवा के प्रति उसकी मजबूत प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume