Top News

उत्पादन निगम में EPF कटौती पर बवाल, श्रमिक संगठन ने खोला मोर्चा

 


ओबरा में श्रमिकों का प्रदर्शन, कंपनियों पर EPF जमा न करने का गंभीर आरोप


ओबरा/सोनभद्र ।
31 मई 2026 ओबरा डिग्री कॉलेज के समीप रविवार को भारतीय संविधान श्रमिक संगठन की एक महत्वपूर्ण बैठक एवं सभा का आयोजन किया गया, जिसमें उत्पादन निगम में कार्यरत श्रमिक मजदूरों के वेतन से काटे जा रहे 12 प्रतिशत EPF (कर्मचारी भविष्य निधि) को संबंधित खातों में जमा न किए जाने का गंभीर मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया गया।

सभा में संगठन के पदाधिकारियों एवं श्रमिकों ने आरोप लगाया कि उत्पादन निगम के अंतर्गत कार्यरत कई कंपनियां मजदूरों के वेतन से नियमित रूप से EPF की कटौती तो कर रही हैं, लेकिन उसे वाराणसी भविष्य निधि कार्यालय में जमा नहीं कर रही हैं। इस मामले को श्रमिकों के भविष्य और उनके अधिकारों के साथ खुला खिलवाड़ बताया गया।

सभा की अध्यक्षता करते हुए संगठन के अध्यक्ष मणि शंकर पाठक ने कहा कि BTPS एवं CTPS में वर्तमान समय में कार्यरत सभी कंपनियों की EPFO द्वारा निष्पक्ष एवं व्यापक जांच कराई जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कई कंपनियां श्रमिकों के मेहनत की कमाई का शोषण कर रही हैं।


उन्होंने विशेष रूप से M/S नीरज कंस्ट्रक्शन, भारत टेक्नो इंजीनियरिंग, GDCL सहित अन्य कंपनियों का नाम लेते हुए कहा कि इन कंपनियों द्वारा श्रमिकों के वेतन से EPF काटा जा रहा है, लेकिन उसे कर्मचारियों के खातों में जमा नहीं किया जा रहा है। इससे हजारों मजदूरों का भविष्य संकट में पड़ गया है।

संगठन ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही मामले की उच्चस्तरीय जांच नहीं कराई गई और दोषी कंपनियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो श्रमिक संगठन बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा।

सभा में यह भी निर्णय लिया गया कि पूरे मामले की शिकायत वाराणसी भविष्य निधि कार्यालय को लिखित रूप में भेजी जाएगी, ताकि श्रमिकों के साथ हो रहे अन्याय पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।

इस अवसर पर संगठन के मंत्री उमेश पटेल, उपाध्यक्ष रणजीत तिवारी, महामंत्री कृष्ण कुमार पाठक, कोषाध्यक्ष नवलेश वर्मा, कार्यकारिणी सदस्य रामेश्वर गिरी, राजकुमार यादव, धनंजय श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में श्रमिक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume