मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक की तलाश बनी चुनौती, पुलिस की मुस्तैदी से परिवार में लौटी खुशी
सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
सिंगरौली। थाना विंध्यनगर पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महज दो घंटे के भीतर गुमशुदा युवक को सकुशल दस्तयाब कर लिया। यह सराहनीय कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा (भापुसे) के कुशल निर्देशन एवं नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर उमेश प्रजापति के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 03 मई 2026 को थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना द्विवेदी को फूलमती साकेत (55 वर्ष), निवासी ग्राम घिनहा, थाना बरगवां, जिला सिंगरौली (म.प्र.) द्वारा सूचना दी गई कि उनका छोटा बेटा अनिल कुमार साकेत (37 वर्ष), जो मानसिक रूप से विक्षिप्त है, दिनांक 02 मई की शाम करीब 7 बजे दुद्वीचुआ स्थित क्वार्टर एमक्यू-582 से समोसा लेने दुर्गा मंडप के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा।
परिजनों द्वारा काफी तलाश के बावजूद जब कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तत्काल गुमशुदगी दर्ज की और खोजबीन शुरू कर दी। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी स्वयं मौके पर पहुंचीं और दो विशेष टीमें गठित की गईं।
एक टीम को आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगाया गया, जबकि दूसरी टीम को रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल व ढाबों में खोजबीन के लिए रवाना किया गया। पुलिस की सक्रियता और सूझबूझ का परिणाम यह रहा कि बरगवां रोड से ग्राम तेलदह के पास युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया।
बरामदगी के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया, जिससे परिवार में खुशी की लहर दौड़ गई। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के लिए परिजनों ने आभार व्यक्त किया।
इस सराहनीय कार्य में सउनि राजेश द्विवेदी, सउनि जीवेन्द्र मिश्रा एवं प्रधान आरक्षक पंकज सिंह का विशेष योगदान रहा।

Post a Comment