राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद ने सौंपा ज्ञापन, जनहित और पत्रकार सुरक्षा पर उठाए अहम मुद्दे
सोने की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह
सोनभद्र।जिले में जनसमस्याओं और पत्रकारों के हितों को लेकर राष्ट्रीय पत्रकार सुरक्षा परिषद की जिला इकाई सक्रिय नजर आई। संगठन के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त जिलाधिकारी से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें पदभार ग्रहण करने की शुभकामनाएं दीं और साथ ही एक विस्तृत ज्ञापन सौंपकर जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों पर तत्काल ध्यान देने की मांग की।
जिला अध्यक्ष संतोष साहनी के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में यातायात व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं और स्वच्छता जैसे अहम विषयों को प्रमुखता से उठाया गया। परिषद ने बग्गा नाला से शारदा मंदिर मार्ग पर फैली गिट्टी और पत्थरों को दुर्घटनाओं का कारण बताते हुए उनकी शीघ्र सफाई कराने की मांग की। साथ ही धूल से निजात दिलाने के लिए नियमित पानी का छिड़काव और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराने की आवश्यकता भी जताई गई।
ओबरा नगर पंचायत क्षेत्र में कूड़ा निस्तारण की समस्या को गंभीर बताते हुए एक निर्धारित लैंडफिल साइट बनाने की मांग रखी गई। इसके अलावा डाला-सिलाई बनवा स्थित शिव-पार्वती मंदिर मार्ग के जीर्णोद्धार और ओबरा-डाला रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण को जनसुरक्षा के लिहाज से जरूरी बताया गया। चोपन पुल मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने और ग्रामीण इलाकों में हर घर नल योजना के तहत नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने की भी अपील की गई।
पत्रकारों की सुरक्षा और सुविधा को लेकर परिषद ने दो महत्वपूर्ण मांगें प्रमुखता से उठाईं। इसमें पंजीकृत पत्रकारों को जनपद एवं प्रदेश के सभी टोल प्लाजा पर निःशुल्क आवागमन की सुविधा देने और कवरेज के दौरान जोखिम को देखते हुए पत्रकारों व उनके परिवारजनों के लिए निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की मांग शामिल रही।
इस अवसर पर संगठन के संरक्षक रंगेश सिंह, प्रभारी अजीत सिंह, महासचिव अनुज जायसवाल, कामेश्वर विश्वकर्मा, कन्हैया केशरी, अमरदीप सिंह, विकास कुमार, उपाध्यक्ष घनश्याम पाण्डे, अनिकेत श्रीवास्तव, विजय कुमार, अनिल अग्रहरी सहित सचिव मंडल के सदस्य अजयंत सिंह उपस्थित रहे।
परिषद के पदाधिकारियों ने भरोसा जताया कि नवागत जिलाधिकारी जनहित और पत्रकारों से जुड़े इन महत्वपूर्ण मुद्दों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों को त्वरित और प्रभावी कार्रवाई के निर्देश देंगे।





Post a Comment