Top News

रामगढ़ समेत आसपास के इलाकों में किसानों की फसलें बर्बाद, खेतों में पसरा मायूसी का मंजर


सोन की आवाज न्यूज़ रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह 

 आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने मचाई तबाही


सोनभद्र।
जनपद के रामगढ़ क्षेत्र समेत आसपास के कई गांवों में शनिवार शाम करीब 4 बजे मौसम ने अचानक भयावह रूप धारण कर लिया। तेज आंधी, मूसलाधार बारिश और भारी ओलावृष्टि ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया। तेज हवाओं और ओलों की मार से खेतों में तैयार खड़ी फसलें पूरी तरह प्रभावित हो गईं, जिससे किसानों के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

रामगढ़, मांची, बभनी, नगवां तथा आसपास के ग्रामीण इलाकों में अचानक मौसम बिगड़ने से जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जबकि ओलावृष्टि से सब्जियों और अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। खेतों में बिछी फसलें किसानों की बेबसी और बदहाली की कहानी बयां कर रही हैं।

स्थानीय किसान गंगा प्रसाद बिंद ने बताया कि टमाटर, बैंगन सहित कई सब्जियों की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। वहीं किसान श्याम सुंदर बिंद ने कहा कि पहले ही खेती की बढ़ती लागत और महंगाई से किसान परेशान थे, ऊपर से इस प्राकृतिक आपदा ने उनकी कमर तोड़ दी है।


किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तत्काल सर्वे कराया जाए और जल्द से जल्द उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते सहायता नहीं मिली तो किसानों के सामने बड़ा आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा।

अचानक बदले मौसम ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया। किसान अपनी बर्बाद फसलों को देखकर आसमान की ओर टकटकी लगाए भगवान से अपेक्षा लगाएं राहत की उम्मीद कर रहे हैं।



Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume