Top News

जुगैल में बाबा साहब की 135वीं जयंती धूमधाम से सम्पन्न, उमड़ा जनसैलाब


सोन की आवाज न्यूज़ क्राइम रिपोर्टर सोनभद्र कमलेश कुमार सिंह 


ग्राम प्रधान की अनुपस्थिति बनी चर्चा का विषय, 500 मीटर दूर आवास के बावजूद नहीं हुए शामिल



सोनभद्र:
ग्राम पंचायत जुगैल स्थित बुद्ध अंबेडकर ग्राम विकास संस्था में भारत रत्न भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती बड़े ही हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साहपूर्ण माहौल में मनाई गई। कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों की भारी भागीदारी देखने को मिली, जहां हर वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बहुजन समाज पार्टी के जिला सचिव संजय कनौजिया एवं विशिष्ट अतिथि ओबरा विधानसभा प्रभारी जितेंद्र भारती ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। अपने संबोधन में वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब ने शोषित, वंचित और पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने शिक्षा, समानता और संविधान की अहमियत पर विस्तार से प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। वक्ताओं ने युवाओं से अपील की कि वे बाबा साहब के आदर्शों को अपनाते हुए समाज में समानता, शिक्षा और भाईचारे को बढ़ावा दें। इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष राजेश दिनकर, उपाध्यक्ष मुकेश कुमार, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार निडर, सचिव संदीप कुमार भास्कर, संरक्षक लालचंद बागी व सीताराम भारती सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

वहीं, कार्यक्रम में जुगैल की ग्राम प्रधान सुनीता यादव और उनके प्रतिनिधि दिनेश यादव की अनुपस्थिति लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही। बताया जा रहा है कि ग्राम प्रधान का आवास कार्यक्रम स्थल से महज 500 मीटर की दूरी पर है, इसके बावजूद उनका शामिल न होना लोगों के बीच सवाल खड़े कर गया। हालांकि, इन सबके बीच कार्यक्रम सफलतापूर्वक और शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।

Post a Comment

Previous Post Next Post
 Son Ki Awaz News
 Son Ki Awaz News

🎧 LIVE FM RADIO




🔊 Volume